आगरा छावनी स्टेशन पर चला सघन टिकट जांच अभियान, 137 यात्रियों से वसूला 66 हजार का जुर्माना
आगरा। रेलवे ने आगरा कैंट स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। रेलवे मजिस्ट्रेट अमन कुमार और सहायक वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग संजय गौतम द्वारा आगरा छावनी स्टेशन पर गुरुवार को अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों और नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
चेकिंग टीम ने स्टेशन परिसर, प्लेटफार्मों और आने-जाने वाली ट्रेनों में व्यापक रूप से टिकट जांच की गई। इस दौरान कई यात्रियों को बिना टिकट अथवा अनियमित रूप से यात्रा करते पाया गया। कुछ यात्रियों द्वारा बचने का प्रयास भी किया गया, जिन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। जांच के दौरान कुल 137 अनियमित यात्रियों से 66,180 का जुर्माना वसूला गया। इसमें 46 बिना टिकट यात्रियों से 33,430 और 48 अनियमित यात्रियों से 21,450 और 2 बिना बुक सामान के मामलों में 700 रुपये वसूले गए। इसके अतिरिक्त 3 यात्रियों से रेल परिसर में गंदगी फैलाने पर 600 रुपये जुर्माना वसूला गया। साथ ही 8 बिना टिकट, 28 अनियमित यात्रियों के अतिरिक्त एक लोडर और एक अनाधिकृत वेंडर सहित कुल 38 मामलों में न्यायालय प्रक्रिया के तहत प्रत्येक पर 10 हजार रुपये का दंड निर्धारित किया गया।
इस अभियान में मंडल वाणिज्य निरीक्षक आरके सिंह, मुख्य टिकट निरीक्षक स्टेशन राशिद जीमल, अजय सोनी सहित बड़ी संख्या में टिकट चेकिंग स्टाफ, आरपीएफ और जीआरपी के जवान उपस्थित रहे। जनसंपर्क अधिकारी, आगरा मंडल ने बताया कि इस प्रकार के सघन टिकट जांच अभियान भविष्य में भी लगातार चलाए जाते रहेंगे, जिससे अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। यात्रियों से अनुरोध है कि वे वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और निर्धारित सीमा से अधिक सामान के लिए उचित बुकिंग कराएं। साथ ही रेलवे परिसर में स्वच्छता बनाए रखें और धूम्रपान से परहेज करें।

