लखनऊ में सीएम योगी से मिले सांसद चाहर, फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के विकास को रखे कई प्रस्ताव
आगरा। फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित उनके कालिदास मार्ग पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सांसद चाहर ने मुख्यमंत्री को बाबा नीम करौरी की अलौकिक यथार्थ पुस्तक भेंट की। साथ ही अपने संसदीय क्षेत्र फतेहपुर सीकरी के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे।
आगरा में बैराज निर्माण पर जोर
सांसद चाहर ने आगरा में बैराज निर्माण की आवश्यकता बताते हुए मुख्यमंत्री से इसके निर्माण की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने कहाकि इस परियोजना के लिए डीपीआर तैयार कराई जा रही है। सांसद चाहर ने विदेशों से आ रही बड़ी कंपनियों को बाह क्षेत्र में स्थापित किए जाने की मांग भी मुख्यमंत्री से की। ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके। उन्होंने बताया कि एनजीटी और टीटीजैड के नियमों के चलते आगरा में उद्योग लगाना संभव नहीं है।
खारी नदी पर बने पुल
सांसद चाहर ने संसदीय क्षेत्र फतेहपुर सीकरी के अंतर्गत खारी नदी (जैंगारा-बसैया बोवल मार्ग) पर पुल निर्माण न होने के कारण पिछले दिनों हुई दुर्घटना का हवाला देते हुए खारी नदी पर पुल निर्माण कार्य शीघ्र कराए जाने की भी मांग की। वही जलभराव की समस्या से जूझ रहे आगरा-ग्वालियर मार्ग के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक धनराशि आवंटित किए जाने की मांग की।
बाह में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र का रखा प्रस्ताव
सांसद चाहर ने बाह क्षेत्र में उपलब्ध भूमि का उल्लेख करते हुए पुलिस प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा यूपीएसआईडीसी द्वारा 2007-8 में अधिग्रहित 111 हेक्टेयर भूमि (लेदर पार्क) वर्षों से निष्क्रिय पड़ी है। आज तक लैदर पार्क की शुरुआत नहीं हो सकी। उन्होंने उक्त जमीन को आईटी पार्क के लिए सबसे उपयुक्त बताते हुए इस पर कार्य शुरू कराए जाने की मांग की।
सड़क चैड़ीकरण और नई सड़कों का प्रस्ताव
संसदीय क्षेत्र फतेहपुर सीकरी की प्रमुख सड़कों के चैड़ीकरण और नई सड़कों के निर्माण से जुड़े प्रस्ताव भी सांसद चाहर ने मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से लेते हुए कहाकि प्राथमिकता के आधार पर जल्द कार्य शुरू किए जाएंगे।
