पूर्व सांसद-मंत्री हरद्वार दुबे की पत्नी डॉ. कमला पांडे का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन
धौलपुर हाउस आवास से शुरू हुई उनकी अंतिम यात्रा
ताजगंज मोक्षधाम पर बडी संख्या में अंतिम विदाई देने पहुंचे
आगरा। पूर्व राज्यसभा सदस्य और प्रदेश सरकार में मंत्री रहे स्व. हरद्वार दुबे की पत्नी और सेंट जॉन्स कॉलेज के हिंदी विभाग की पूर्व अध्यक्ष डॉ. कमला पांडे का पार्थिव शरीर सोमवार शाम को पंचतत्व में विलीन हो गया। ताजगंज मुक्तिधाम पर बडी संख्या में लोगों की मौजूदगी में उनके पुत्र प्रांशु दुबे ने मुखाग्नि दी। इस दौरान भाजपा नेताओं सहित अन्य लोग डाॅ. कमला पांडे को अंतिम विदाई देने ताजगंज श्मशान घाट पहुंचे।
डाॅ. कमला पांडे लम्बे समय से बीमार चल रही थीं। सोमवार को उन्होंने अपने जीवन की अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से शोक की लहर दौड गई। बडी संख्या लोग श्रद्धांजलि देने उनके आवास पर एकत्रित हुए। डॉ. कमला पांडे हिंदी भाषा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने सेंट जॉन्स कॉलेज में लंबे समय तक अध्यापन करते हुए हजारों विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। वे अपने सरल व्यक्तित्व, अनुशासित जीवन, विद्वता के लिए सदैव सम्मानित रहीं।
डॉ. कमला पांडे के पति स्व. हरद्वार दुबे एक प्रतिष्ठित एडवोकेट, राज्यसभा सांसद और भाजपा की उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री रह चुके थे। डॉ. कमला पांडे की शवयात्रा सायं 4 बजे उनके निवास स्थान धौलपुर हाउस से ताजगंज मोक्षधाम के लिए प्रस्थान की। जहां उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए बडी संख्या में भाजपा नेता, शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
