कानपुर फूलबाग मंडी में भीषण अग्निकांड, धूं-धूं कर जलीं दो दर्जन दुकानें, दमकलें आग पर काबू पाने में जुटीं
कानपुर। फूलबाग स्थित फल मंडी में सोमवार को अचानक भडकी आग ने आस पास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विक राल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें तेज हो गईं और करीब एक दर्जन से अधिक दुकानों में फैल गईं। मिली जानकारी के अनुसार, आग एक बंद पड़ी चाय -मैगी की दुकान से भड़की। आग से मंडी परिसर में हडकम्प मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही ओईएफ (ऑर्डिनेंस इक्विपमेंट फैक्ट्री) की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकल कर्मियों द्वारा लगा तार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।
मंडी में मौजूद दुकानदारों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों से सामान निकालने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के चलते वह सफल नहीं हुए और सामान आग की भेंट चढ गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और नुकसान का आंकलन आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद किया जाएगा।

