आगरा पुलिस ने दबोचे हथियारों के सौदागर

सदर पुलिस ने किया भंडाफोड, आधा दर्जन तस्कर गिरफ्तार
दर्जन भर पिस्टल और तमंचों के साथ सैंकडों कारतूस बरामद
फिरोजाबाद से ताजनगरी में खपाए जा रहे थे अवैध हथियार
आगरा। अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में आगरा पुलिस ने खुलासा करते हुए आधा दर्जन अरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से भारी मात्रा में कारतूस और हथियार बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार हथियारों की तस्करी का मुख्य सरगना शिवम आगरा का रहने वाला है। वह अपने साथियों के साथ मिलकर आगरा और आसपास के जिलों में बड़ी मात्रा में हथियारों और कारतूसों की सप्लाई करते थे। फिरोजाबाद से आगरा में अवैध हथियार खपाए जा रहे थे।
एडिशनल सीपी संजीव त्यागी ने जानकारी देते हुए बताया कि एसीपी सदर विनायक भोंसले के निर्देशन में सदर पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से अवैध हथियारों के तस्कर गैंग का खुलासा करते हुए गैंग के आधा दर्जन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकडे गए हथियारों के तस्करों में शिवम, आबिद, अमजद, आसिफ इकबाल, शैलेन्द्र और कासिम उर्फ भोले शामिल हैं। आबिद और अमजद फिरोजाबाद के रहने वाले हैं। यही लोग हथियार शिवम को हथियार मुहैया कराते थे। इनके कब्जे से बरामद अवैध हथियारों के जखीरे में 5 कंट्रीमेड पिस्टल और 5 तमंचों के अलावा दो सौ से अधिक कारतूस बरामद किए गए हैं। एडिशनल सीपी ने बताया कि आसिफ इकबाल की वैध लाइसेंस की आड में कारतूस इन्हें सप्लाई करता था। एडिशनल सीपी ने बताया कि फिरोजाबाद से हथियार आगरा में खपाए जा रहे थे। पुलिस पकडे गए तस्करों का आपराधिक रिकाॅर्ड खंगालने के साथ ही इनके सम्पर्कों के बारे में जानकारी जुटा रही है। एडिशनल सीपी ने इस गुडवर्क का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की।