आगरा में नहाने गए दो किशोर यमुना नदी में डूबे, परिजनों में मचा कोहराम
आगरा। एत्माद्दौला क्षेत्र में सोमवार शाम को यमुना नदी में नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। बच्चों के डूबने की खबर से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। दोनों किशोरों के डूबने की खबर से परिवारों में कोहराम मचा है।
एत्माददौला थाना क्षेत्र में जवाहर पुल के नीचे सोमवार शाम करीब 6 बजे दोनों किशोर यमुना नदी में नहाने के लिए उतरे थे। नहाने के दौरान वे गहरे पानी की ओर चले गए। जहां अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी। हादसे में डूबे दोनों किशोर बल्केश्वर क्षेत्र के लाल मस्जिद निवासी बताए जा रहे हैं।घटना की जानकारी होने पर परिजनों रोते- बिलखते हुए मौके पर पहंुचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम का माहौल है।
सूचना पर कमला नगर और एत्माददुदौला थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना देर किए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक नदी में दोनों किशोरों की तलाश की जाती रही। अंधेरा बढ़ने के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन और चुनौतीपूर्ण हो गया, लेकिन पुलिस टीम लगातार सर्च में जुटी रही। मौके पर पुलिस बल की मौजूदगी के बीच स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में नदी किनारे जमा हो गए। हर किसी की निगाहें यमुना की लहरों पर टिकी रहीं, लेकिन देर शाम तक दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस का कहना है कि गोताखोरों की मदद से तलाश जारी हैै।
