राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय दौरे पर 19 को आएंगी, ब्रज में उत्साह
गुरुवार को राष्ट्रपति पहुंचेंगी मथुरा, तीन दिन वृंदावन में करेंगी प्रवास
प्रशासन दौरे को यादगार बनाने में जुटा, सभी व्यवस्थाएं की जा रहीं दुरुस्त
मथुरा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को तीन दिवसीय दौरे पर वृंदावन आ रही हैं। उनके आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया गया है। राष्ट्रपति 19 से 21 मार्च तक वृंदावन, गोवर्धन में प्रवास करेंगी। शाम 5 बजे मथुरा के आर्मी हैलीपैड पर महामहिम का हेलीकाप्टर लैंड करेगा। यहां से राष्ट्रपति कार द्वारा वृंदावन के होटल रेडिसन पहुंचेगीं। शाम 6.30 बजे वृंदावन इस्कॉन मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगी। शाम 7 बजे म्यूजिकल फाउंटेन , लाइटिंग के बीच प्रेम मंदिर की अलौकिकता और दिव्यता के दर्शन करेंगी।
अगले दिन शुक्रवार को महामहिम प्रातः 8 बजे केलि कुंज आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करेंगी। 11 बजे वृंदावन स्थित नीम करोरी आश्रम में दर्शन पूजन करने के बाद वृंदावन में उड़िया आश्रम भी जाएंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर मंदिरों, परिक्रमा मार्ग और प्रमुख स्थलों की सफाई व सजावट का कार्य कराया जा रहा है। स्थानीय संत-महंत भी राष्ट्रपति के स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं। राष्ट्रपति के आगमन से न केवल गोवर्धन बल्कि ब्रज क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। राष्ट्रपति का यह दौरा ब्रजभूमि के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रशासनिक अमला पिछले कई दिन से गोवर्धन क्षेत्र में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में लगा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रपति के आगमन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
