आगरा में चलती जर्जर स्कूल बस के गिरी छात्रा की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
एत्मादपुर क्षेत्र में हुई दर्दनाक घटना, बस का पहिया छात्रा के ऊपर से गुजरा
आरोप, बस का टूटा था फर्श, तख्तों में बैठाकर लाया ले जाए जा रहे थे बच्चे
आगरा। एत्मादपुर क्षेत्र में बुधवार को चलती स्कूल बस से टूटे फर्श से गिरी छात्रा की कुचलकर मौत हो गई। छात्रा स्कूल बस से घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में स्पीड ब्रेकर पर तेज झटके के साथ छात्रा बस से नीचे गिर गई। उसके ऊपर से बस का पहिया गुजर गया। बच्चों के शोर मचाने पर चालक ने बस रोकी और आनन-फानन में बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बच्ची की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
घटना बुधवार दोपहर की है। एत्मादपुर के नगला लाले निवासी ब्रह्मजीत की नौ वर्षीय पुत्री नैना रोज की तरह स्कूल से घर लौटने के लिए बस में बैठी थी। वह कक्षा में एक में पढ़ती थी। जैसे ही बस नया बांस बिहारीपुर रोड पर बने स्पीड ब्रेकर के पास पहुंची तभी बस के ब्रेकर पर तेज झटके से गुजरने के दौरान छात्रा बस के फर्श से नीचे गिर पड़ी। इसी दौरान बस का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि बस भागूपुर स्थित एक निजी स्कूल की थी। आरोप है कि बस जर्जर हालत में थी। उसका फर्श टूटा हुआ था। सीटों की जगह बच्चों को तख्ते पर बैठाकर लाया-ले जाया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद स्कूल संचालक ने बस को कहीं छिपा दिया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर मौके पर पहंुची पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है।

