संकटः रसोई गैस बुकिंग के नियमों में बदलाव, अब 25 दिन बाद ही मिल सकेगा सिलेंडर
लखनऊ। पश्चिम एशिया में गहराते ईरान-इजरायल युद्ध के संकट का असर अब सीधे तौर पर भारत के आम नागरिकों की रसोई तक पहुंचने लगा है। शनिवार को तेल कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि के साथ-साथ इसकी रिफिलिंग और बुकिंग के नियमों को भी सख्त कर दिया है। नए नियमों के तहत दिल्ली-एनसीआर सहित देशभर में अब आम उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुक कराने के लिए 21 से 25 दिनों का लंबा इंतजार करना होगा।
युद्ध के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में आई अस्थिरता के कारण घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडर महंगे हो गए हैं। घरेलू सिलेंडर (14.2 किग्रा) की कीमत में 59.40 रुपये की वृद्धि की गई है, जिससे अब यह 950.50 रुपये का हो गया है। वहीं व्यावसायिक सिलेंडर (19 किग्रा) की कीमत में 114 रुपये का बड़ा उछाल आया है, जिससे अब इसकी नई कीमत 2006 रुपये हो गई है।
बुकिंग के नए नियम, अब करना होगा लंबा इंतजार
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अनुसार, बुकिंग के नए नियमों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। सिंगल सिलेंडर कनेक्शनरू अब उपभोक्ता 21 दिन से पहले दोबारा बुकिंग नहीं करा सकेंगे, जबकि पहले यह अवधि 15 दिन थी।डबल सिलेंडर कनेक्शन वाले उपभोक्ता अब 25 दिन के अंतराल के बाद ही अगली रिफिलिंग के लिए बुकिंग कर पाएंगे। प्रशासन और तेल कंपनियों का तर्क है कि इन सख्त कदमों से युद्ध जैसी स्थितियों में स्टॉक की कमी को रोका जा सकेगा और कालाबाजारी पर लगाम कसी जा सकेगी।
शादियों में संकट, कैटरिंग पर पड़ेगा असर
गैस आपूर्ति में सख्ती का सीधा असर शादी-समारोहों के सीजन पर पड़ने लगा है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। अब बॉटलिंग प्लांट में उपलब्ध स्टॉक के आधार पर ही बिलिंग की जा रही है और एडवांस बुकिंग पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इससे कैटरिंग कारोबारियों के सामने ऐन वक्त पर आपूर्ति न मिलने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए अब सिलेंडरों की डिलीवरी केवल वैध बुकिंग और ग्राहक के मोबाइल पर प्राप्त वन टाइम पासवर्ड के जरिए ही की जाएगी। एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स को सचेत किया गया है कि वे युद्ध की खबरों के बीच सिलेंडर का अवैध स्टॉक जमा न करें।
