बच्चों के विवाद में बडों में चले लाठी-डंडे, दर्जन भर हुए लहूलुहान
सैंया थाना क्षेत्र के गांव सोरा सुबह हुअ बवाल
लाठी-डंडे और पथराव से फैली अफरा-तफरी
आगरा। बच्चों के विवाद में शुक्रवार को दो पक्षों में जमकर खून-खराबा हुआ। इस दौरान दोनों ओर से जमकर लाठी डंडे चले। गांव में चीख-पुकार मच गई। झगड़े में दो महिला सहित दर्जन भर लोग घायल हो गए। लहूलुहान हालत में उन्हें उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
मामला सैंया थाना क्षेत्र के गांव सोरा का है। यहां बीती शाम को दो बच्चे शुभम और पुनीत के बीच विवाद हो गया था। इसी विवाद को लेकर शुक्रवार को पूर्वान्ह 11 बजे ख्यालीराम त्यागी और पोहप सिंह के पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। मामले ने तूल पकड़ लिया। लामबंद हुए दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों के साथ एक दूसरे पर टूट पड़े। इस दौरान हुए जमकर पथराव से गांव में अफरा-तफरी फैल गई। झगड़े में एक पक्ष से ख्यालीराम, कृष्ण कान्त, हरेंद्र, शुभम, भू देवी, आरती समेत आठ और दूसरे पक्ष से कमोद सिंह, पोहप सिंह, पियूष, पुनीत त्यागी घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया है।
