हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में डबल डेकर बस और ईको वैन भिडंत में 6 मरे, 7 घायल, होली मनाने जा रहे थे घर
यमुना एक्सप्रेसवे पर तडके हुआ भीषण हादसा, मचा कोहराम
मृतकों में 3 आगरा के शमसाबाद के, 3 धौलपुर के रहने वाले
हादसे के पीछे तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जर रही वजह
हाथरस। उत्तर प्रदेश में हाथरस जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर सादाबाद क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक डबल डेकर बस ईको वैन में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ईको सवार छह लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि आधा दर्जन से अधिक गंभीर रुप से घायल हो गये। मृतकों में 3 आगरा और 3 राजस्थान के धौलपुर के रहने वाले थे। सभी होली का त्योहार मनाने के लिए घर जा रहे थे। हादसे की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल और घायलों को उपचार के लिए आगरा में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार बस दिल्ली से गोरखपुर, जबकि वैन दिल्ली से धौलपुर जा रही थी। ओवरटेक करने की कोशिश करते वक्त हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन उछलकर 10 फीट दूर गिरी। उसका पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सड़क पर लाशें बिछ गईं। एक्सप्रेस-वे पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल खंदौली सीएचसी भिजवाया। जहां से तीन को आगरा रेफर कर दिया गया। हादसा हाथरस जिले की सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में हुआ।
पुलिस ने बताया कि गढ़ी हरिया गांव के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर यह हादसा मंगलवार सुबह करीब चार बजे माइलस्टोन 141 के पास हुआ। दिल्ली से गोरखपुर जा रही बस धौलपुर के राजाखेड़ा जा रही इको वैन से टकरा गई। वैन में सवार सभी लोग राजस्थान के राजाखेड़ा के गंगोली गांव और आगरा के शमसाबाद क्षेत्र के रहने वाले थे। हादसे के समय वैन में 13 लोग सवार थे। उनमें से छह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सात गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान विजय (27) पुत्र सुखराम बघेल, पत्नी पिंकी (26) निवासी सुडरई थाना शमशाबाद (आगरा) और नाथू देवी (35) पत्नी अमर सिंह निवासी रोई खास थाना शमशाबाद (आगरा) के रूप में हुई। जबकि दिनेश (55) पुत्र हुकम सिंह, पत्नी सुनीता (51) निवासी गंगोलियापुर थाना राजाखेड़ा, धौलपुर (राजस्थान) और लोकेश (35) पुत्र भूरी सिंह निवासी चमोली घर थाना राजाखेड़ा धौलपुर (राजस्थान) की भी मौत हो गई। घायलों में वैन ड्राइवर वीरेंद्र पुत्र रामप्रकाश, मनोज पुत्र सुरेश, आर्यन (8), अंशु (6), लक्ष्य (1), प्राची (3), और पूनम बघेल (15) शामिल हैं। उन्हें इलाज के लिए खंदौली क्षेत्र के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक कुछ देर के लिए रुक गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच से पता चला है कि तेज रफ्तार और लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुये शोक संतृप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिये हैं।



