अग्रवन के सामने बनेगा बल्केश्वर मंदिर का भव्य प्रवेश द्वार

पार्षद मुरारी लाल गोयल की पहल पर नगर विकास मंत्री ने दिया आश्वासन
बल्केश्वर मंदिर के आसपास क्षेत्र का होगा सौन्दर्यीकरण, माॅडल रोड भी बनेगी
आगरा। अग्रवन के सामने श्री बल्केश्वर महादेव मंदिर का भव्य प्रवेश बनाया जाएगा। उप्र के नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने भाजपा पार्षद मुरारी लाल गोयल को इसके लिए आश्वस्त किया। पार्षद गोयल ने कैबिनेट मंत्री को महाकुंभ के सफल आयोजन की बधाई भी दी।
गौरतलब है कि योगी सरकार के द्वारा उप्र में धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार और सौन्द्रीयकरण कराया जा रहा है। आगरा में भी प्राचीन शिव मंदिरों के भव्य प्रवेश द्वार और कॉरिडोर बनाकर सौन्दर्यीकरण कराकर क्षेत्र का विकास किया जा रहा है। इससे प्राचीन शिव मंदिरों की दिव्यता और भव्यता और बढ़ गई। अब यह शिव मंदिर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी आकर्षित कर रहे है। इसी क्रम में नगर निगम की कार्यकारिणी सदस्य पार्षद मुरारी लाल गोयल ने मंगलवार को प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा से भेंट कर बल्केश्वर में अग्रवन के सामने श्री बल्केश्वर महादेव मंदिर का प्रवेश बनाने की मांग की।
उन्होंने नगर विकास मंत्री को बताया कि प्राचीन बल्केेश्वर महादेव मंदिर शहर के प्राचीन शिव मंदिरों में से एक है। यमुना नदी के किनारे स्थित सिद्ध मंदिर महाकाल के नाम से प्रसिद्ध है। मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन को पहुंचते है। इस शिव मंदिर का मुख्य मार्ग अग्रवन, बल्केश्वर मार्ग से शुरू होता है। यहां से प्रतिदिन लाखों राहगीरों का आवागमन रहता है। सैलानियों का भी यहां से आना-जाना रहता है। उन्होंने नगर विकास मंत्री से अग्रवन से बल्केश्वर महादेव मंदिर तक मॉडल रोड और अग्रवन चैराहे पर मुख्य प्रवेश द्वार बनावाकर यहां का सौन्दर्यीकरण कराने की मांग की। ताकि शिवभक्तों को सुखद और आनंद की अनुभूति हो। नगर विकास मंत्री ने आश्वस्त किया है कि जल्द ही प्राचीन श्री बल्केश्वर महादेव मंदिर का भव्य प्रवेश द्वारा बनाया जाएगा।