आगरा के कालिन्दी बिहार में दर्दनाक हादसाः गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, मौके पर मौत

0
109a57a1-650e-44e6-be19-5269fe222cda

आगरा। यमुना पार क्षेत्र में कालिंदी विहार में जर्जर सडक पर गुरुवार को राॅन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक सवार को अपनी चपेट में लेकर रौंद दिया। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कालिंदी विहार सौ फीट रोड पर बोस्टन पब्लिक स्कूल के समीप हादसा हुआ। स्कूल के सामने वाली सड़क लंबे समय से खराब पड़ी है और उस पर गहरे गड्ढे हैं। ऐसे में वाहन रॉन्ग साइड से गुजरने को मजबूर होते हैं। गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बाइक सवार अपनी साइड से आ रहा था। जबकि सामने से ट्रक रॉन्ग साइड में आ रहा था। जैसे ही बाइक सवार गड्ढे के पास पहुंचा, उसकी बाइक असंतुलित हो गई और वह ट्रक के सामने जा गिरा। ट्रक का अगला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। शव की हालत ऐसी थी कि उसकी पहचान करना संभव नहीं हो सका।

इस दौरान लोगों ने चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर पड़े खून को मिट्टी डालकर साफ कराया।
क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि कालिंदी विहार सीएनजी पंप वाली सड़क सालों से टूटी हुई है। सड़क पर गहरे गड्ढे हैं, जिसके कारण आए दिन एक्सीडेंट होते रहते हैं। कई बार इसकी शिकायत की गई, लेकिन सड़क की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया गया। इसके चलते आए दिन सड़क हादसे होते हैं। टूटी सड़क कई लोगों की जान भी ले चुकी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार अपनी सही लेन में जा रहा था, तभी सामने से रॉन्ग साइड में आ रहे ट्रक के पास गड्ढों के कारण संतुलन बिगड़ने के चलते गिर गया और वह ट्रक की चपेट में आ गया।

युवक की शिनाख्त में जुटी पुलिस

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही उसकी शिनाख्त कराई जा रही है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक फरार है। बाइक जितेंद्र कुमार नाम के व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *