समाज को बांटकर हासिल नहीं किया जा सकता विकासः सीएम योगी

0
2026_1image_13_25_112915251untitled1-ll

मुख्यमंत्री बोले, विकास को जाति, धर्म या क्षेत्र के आधार पर बांटा नहीं जा सकता

सिद्धार्थ नगर में 229 विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

सिद्धार्थनगर। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहाकि विकास को जाति, धर्म या क्षेत्र के आधार पर बांटा नहीं जा सकता। सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी के कल्याण और विकास कार्य के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भेदभाव रहित दृष्टिकोण राम राज्य (न्यायपूर्ण, नैतिक, जन-केंद्रित एक आदर्श शासन) को दर्शाता है।

सिद्धार्थनगर में 1,052 करोड़ रुपये से अधिक की 229 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहाकि राज्य सरकार उत्तर प्रदेश की पूरी आबादी को एक परिवार मानती है और समावेशी व सतत विकास की भावना से काम करती है।

मुख्यमंत्री ने कहाकि समाज को बांटकर विकास हासिल नहीं किया जा सकता। इसे एक व्यापक दृष्टिकोण के साथ और बिना किसी भेदभाव के आगे बढ़ाना होगा। कोई मेरा या तुम्हारा नहीं, कोई जाति, धर्म, भाषा या क्षेत्रीय भेदभाव नहीं। केवल यही भेदभाव रहित दृष्टिकोण राम राज्य की सच्ची भावना को दर्शाता है। सिद्धार्थ नगर महोत्सव के उद्घाटन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता और इटावा विधायक माता प्रसाद पांडे, राज्य मंत्री अनिल राजभर, डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल और अन्य जन प्रतिनिधि शामिल हुए। आदित्यनाथ ने भगवान बुद्ध को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सिद्धार्थनगर को एक पवित्र भूमि बताया जिसने दुनिया को करुणा और सद्भाव का संदेश दिया।

उन्होंने कहाकि डुमरियागंज, बंसी और इटावा से गुजरने वाला शामली-गोरखपुर कॉरिडोर इस इलाके के लिए विकास कॉरिडोर का काम करेगा। किसानों से फसल पैटर्न में विविधता लाने का आग्रह करते हुए मुख्यमंत्री ने उनसे पारंपरिक दो फसलों के अलावा तीसरी फसल अपनाने की अपील की और कन्नौज, औरैया व कानपुर देहात के उदाहरण दिए जहां मक्का की खेती से प्रति एकड़ लगभग 1 लाख रुपये की अतिरिक्त आय हुई है। मुख्यमंत्री ने स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए जिला उत्सवों के दौरान स्थानीय स्तर पर अनुकरणीय काम करने वाले कलाकारों, खिलाड़ियों, व्यापारियों और अन्य लोगों को सम्मानित करने का भी आह्वान किया।

अजित पवार के निधन पर व्यक्त किया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की कथित तौर पर एक विमान दुर्घटना में हुई मौत पर शोक व्यक्त करते हुए शोक संतृप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *