मुझे न्याय नहीं मिला तो कर लूंगी सुसाइडः आगरा की युवती का लखनऊ में सीएम आवास के पास हंगामा

0
ae06f1df-111b-4384-ba23-c23a25cb8dac

पुलिस जवानों के रोकने पर चीख-चीख कर सुनाई दास्तां

बोली, 5 दरोगाओं ने उसके साथ बदतमीजी की, न्याय चाहिए

आगरा। शहर की एक युवती ने लखनऊ में हंगामा कर दिया। अपनी शिकायत लेकर मुख्यमंत्री आवास की तरफ जा रही युवती की हरकत संदिग्ध नजर आने पर वहां तैनात पुलिस जवानों उसे पकड़ लिया। इस पर महिला ने हंगामा कर दिया और जोर-जोर से चीखनेे-चिल्लाने लगी। बोली मेरा नाम सरजू यादव है। मुझे मत ले जाओ, मुझे न्याय चाहिए। दरोगा रोहित और चार एसआई ने मेरे साथ मारपीट और बदतमीजी की है। युवती को गाड़ी में बैठा गौतमपल्ली थाने ले जाया गया। आगरा पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद आगरा से टीम आई और देर रात उसे आगरा लेकर गई।

मामला शुक्रवार का है। इसका वीडियो शनिवार को सामने आया है। यह वही सरजू यादव हैं जिनका पिछले साल अगस्त में ट्रांस यमुना थाने में तैनात लेडी दरोगा के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। उन्होंने पुलिस पर थाने में मारपीट किए जाने का आरोप लगाया था। उस समय पुलिस ने महिला के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की थी। सरजू यादव यमुना पार क्षेत्र के कालिंदी विहार में रहती हैं।

वीडियो में सरजू यादव रोती दिख रही हैं, लेकिन महिला कॉन्स्टेबल उन्हें जबरन पुलिस की गाड़ी में बैठाती रहीं। इस दौरान युवती कह रही है कि मेरा नाम सरजू यादव है। मेरे साथ जबरदस्ती क्यों कर रहे हो? मैं न्याय लेने के लिए यहां आई हूं। मुझे न्याय चाहिए। मेरी शिकायत है कि चार एसआई और दरोगा रोहित ने मिलकर आगरा के ट्रांस यमुना थाने में बदतमीजी की है। मेरी बुटीक है। मुझे छोड़ दो, मुझे जाने दो। इस तरह आप मेरे साथ जबरदस्ती नहीं कर सकतीं।
सरजू यादव के घर पर सितंबर 2024 में दिनदहाड़े चोरी हुई थी। उन्होंने ट्रांस यमुना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उस वक्त उन्होंने आरोप लगाया था कि पुलिस ने बिना प्रभावी कार्रवाई किए फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। इस सम्बन्ध में पुलिस से बात करने वह ट्रांस यमुना थाने गई थीं। वहां थाना प्रभारी रोहित कुमार से फाइनल रिपोर्ट लगाने के बारे में पूछा। उन्होंने केस की जानकारी नहीं होने की बात कही। इस पर थाना प्रभारी ने सस्पेंड दरोगा राजकुमार गोस्वामी को फोन करके बुलाया। सरजू ने बताया कि दरोगा राजकुमार गोस्वामी ने मेरे मुंह पर ही थाना प्रभारी रोहित से कहाकि यह महिला तो बदतमीज है, ऐसे ही परेशान करती है और ऊपर से शिकायत करती है।

मैंने थाने के अंदर किसी तरह इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया था। जैसे ही पुलिसकर्मियों को इसका पता चला, उन्होंने जबरन मोबाइल छीनने की कोशिश की। मुझे कमरे में बंद कर दिया था। मेरे साथ मारपीट भी की गई। मेरे कपड़े तक फाड़ दिए थे। मेरे खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मुझे जबरन थाने में बैठाए रखा। घटना से जुड़े तीन वीडियो सामने आए थे। दूसरा वीडियो पुलिस ने जारी किया था। इसमें युवती मारपीट करती दिख रही थी। पहले युवती महिला दरोगा को थप्पड़ मारती है, फिर महिला पुलिसकर्मी उसे थप्पड़ जड़ती है। इस दौरान युवती अभद्र भाषा का प्रयोग करती है। तीसरा वीडियो युवती ने रोते हुए जारी किया था। इसमें युवती कह रही है कि थाना ट्रांस यमुना के एसओ समेत पूरे स्टाफ ने उसके साथ मारपीट की। इन लोगों ने मेरे साथ अच्छा नहीं किया है। अगर मुझे न्याय नहीं मिलेगा तो मैं सुसाइड कर लूंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *