एटा में प्रेम विवाह के विरोध में बुलाई में पंचायत से पहले खेला खूनी खेल
लडकी पक्ष के लोगों ने प्रेमी युवक के जीजा को चाकूओं से गोद उतारा मौत के घाट, भाई घायल
एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में प्रेम विवाह के विरोध में रविवार को बुलाई गई पंचायत से पहले युवती के परिजनों ने युवक के घर वालों पर हमला कर दिया। कोतवाली देहात क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की इस घटना में युवक के बहनोई की मौत हो गई। जबकि भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक के आक्रोशित परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर जाम लगाया।
एटा के कोतवाली देहात स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी अर्जुन ने दस दिन पहले गौरी से प्रेम विवाह किया। यह शादी गौरी के पिता को नागवार गुजरी। कई दिनों से दोनों परिवारों के बीच तनाव चल रहा था। अर्जुन ने बताया कि ससुराल वाले परेशान कर रहे थे। उसके घर वालों को गालियां देते थे। इसको लेकर रविवार को एआरटीओ कार्यालय के पास दरगाह पर पंचायत होनी थी। सभी लोग उस पंचायत में गए हुए थे।
इसी बीच रामू के घर पर मौजूद लोग गालियां देने लगे और ईंट-पत्थर फेंकने लगे। कॉलोनी में ही रहने वाले जीजा 35 वर्षीय साहिबा उन्हें समझाने गए। आरोप है कि युवती पक्ष के लोगों ने बहनोई पर चाकू व लोहे की सरिया से हमला कर दिया। बहनोई के चिल्लाने की आवाज सुनकर भाई सुरजीत उन्हें बचाने पहुंचा तो उस पर भी चाकुओं से हमला कर दिया गया। आस-पास के लोग दौड़कर बचाने गए तो कई लोग कॉलोनी की छत से भाग गए। भाई सुरजीत और बहनोई साहिबा को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां चिकित्सक ने साहिबा को मृत घोषित कर दिया।
जबकि सुरजीत का उपचार चल रहा है। इस घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों ने हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर शांत कराया। साहिबा के परिवार के राजा की तहरीर पर पुलिस ने रामू और इसके भतीजे अमन गिरफ्तार कर लिया। सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) श्रवेतांभ पांडेय ने बताया कि इस मामले में रामू समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

