आगरा में पुत्र जन्म की खुशी में बंदूक से अचानक चली गोली, पडोसी युवक की मौत, मचा कोहराम
फतेहाबाद के गांव पारोली सिकरवार में सुबह-सुबह हुआ हादसा
बंदूक में कारतूस डालते हुआ फायर, युवक के सीने में लगी गोली
पड़ोसी के घर पैदा हुआ बच्चा, परिजन बोले, रंजिश में की हत्या
आगरा। फतेहाबाद थाना क्षेत्र के गांव पारोली सिकरवार में बुधवार सुबह पुत्र जन्म की खुशी उस समय मातम में बदल गई जब गुड़ बांटने की रस्म के दौरान बंदूक में कारतूस डालते समय अचानक चली गोली सामने खड़े पडोसीयुवक के सीने में जा लगी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस जानकारी के बाद आरोपी की तलाश में जुट गई।
फतेहाबाद थाना क्षेत्र के गांव पारोली सिकरवार निवासी विवेक के परिवार में बेटा पैदा हुआ है। इस खुशी में बुधवार सुबह विवेक के घर पर जश्न मनाया जा रहा था। पूरे मोहल्ले में गुड़ बांटा जा रहा था। इस दौरान गांव के करीब 30-35 लोग मौजूद थे। इस दौरान गांव का सुभाष शर्मा अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर आ गया। वह बंदूक में कारतूस लोड कर रहा था कि तभी अचानक बंदूक से गोली चल गई, जो सामने खड़े 32 वर्षीय अजय उर्फ कठेरिया पुत्र लायक सिंह के सीने में जा लगी। खून से लथपथ अजय वहीं गिर पडा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में अजय को इलाज के लिए आगरा के अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अजय की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। मृतक युवक की पत्नी का नाम शिखा है। वह फतेहाबाद में काम करता था। गुड वितरण रस्म में शामिल होकर काम पर जाने वाला था। घटना की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस के साथ ही डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों की रिपोर्ट पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
जश्न के बीच चली गोली, रंजिश का आरोप
परिजनों ने पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए सुभाष पर जान-बूझकर गोली मारने का आरोप लगाया है। अजय की पत्नी शिखा ने बताया कि सुबह मेरे पति चाय पीकर कार्यक्रम में शामिल होने को गए थे। गुड़ बांटा जा रहा था, वही लेने गए थे। बोले थे कि वहीं से काम पर निकल जाएंगे। मेरे पति को जानबूझ कर गोली मारी गई है। सुभाष ने गोली मारी है। चार साल से रंजिश चल रही थी। कई बार देख लेने की धमकी दे चुका था।


