आगरा में आरोपियों की तलाश में गई पुलिस टीम पर हमला…घर में बनाया बंधक, चार गिरफ्तार
आगरा। मलपुरा थाना क्षेत्र के गांव अजीजपुर में पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि नामजद आरोपियों की तलाश में पहुंची पुलिस टीम को घर में बंधक बना लिया। उनके साथ मारपीट की गई। बाद में अतिरिक्त पुलिस के पहुंचने पर ही पुलिस टीम को मुक्त कराया गया।
घटना रविवार की है। उपनिरीक्षक कपिल शर्मा साथी दरोगा अनिता कश्यप, सलोनी चैहान और महिला सिपाही साधना यादव के साथ अजीजपुर गांव में दीपक व सोनू की तलाश में उनके घर पहुंचे थे। आरोप है कि आरोपियों के परिजन श्रीराम, ममता, सुमन, सीमा और संजय ने पुलिस टीम को घेर लिया और घर के अंदर बंद कर दरवाजे पर ताला लगा दिया। इस दौरान परिजनों ने आरोपियों को मौके से भगा दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट भी की गई।
सूचना पर थाना प्रभारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पड़ोसी की छत के रास्ते घर में प्रवेश कर पुलिसकर्मियों को मुक्त कराया। प्रभारी निरीक्षक मलपुरा विनोद कुमार मिश्रा ने बताया है कि सरकारी कार्य में बाधा, बंधक बनाकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में श्रीराम, ममता, सुमन और संजय को गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपी फरार है।
