युवा नशे का न और खेलों को कहें हांः उपराष्ट्रपति
तृतीय सांसद खेल स्पर्धा में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन
एकलव्य स्टेडियम में चल रही सांसद खेल स्पर्धा, खिलाड़ियों का किया उत्साह वर्धन, युवाओं को दिया संदेश
आगरा। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही तृतीय सांसद खेल स्पर्धा में बुधवार को खिलाडियों का उत्साह वर्धन करने पहुंचे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि युवा नशे को न और खेलों को हां कहें। उन्होंने खेलों के प्रति खिलाडियों में रुझान जगाने का संदेश दिया।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को विशेष विमान से दोपहर करीब ढाई बजे खेरिया एयरपोर्ट पर उतरे। जहां उनका स्वागत केंद्रीय पंचायतीराज राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने किया। उनके स्वागत को लेकर पहले से ही तैयारियां कर ली गई थीं। इस दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहे।
सांसद खेल महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि आए उपराष्ट्रपति सीपी राधा कृष्णन ने युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों के प्रति रुझान बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने कहाकि भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन होने वाला है। भविष्य में ओलंपिक का भी आयोजन होगा। उन्होंने युवाओं से सभी खेलकूदों में तैयारी करने और बेहतर प्रदर्शन करने की भी अपील की। उन्होंने कहाकि वह खुद भी अपने कॉलेज समय से बेहतर खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने काॅलेज समय की यादें भी खिलाडियों से साझा कीं।

