बालोतरा से पचपदरा तक नई रेल लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे को मिली मंजूरी

0
042d220c-1d05-4d9a-8c1d-694ae0551a37

इस रेल लाइन से बालोतरा, बाड़मेर और आसपास के क्षेत्र रेलवे नेटवर्क से जुड़ेंगे

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राजस्थान क्षेत्र में रेल संपर्क के लिए बताया विशेष पहल

नई दिल्ली। रेलवे द्वारा राजस्थान के महत्वपूर्ण क्षेत्र बालोतरा से पचपदरा को रेल मार्ग से जोड़ने के लिए नई लाइन के कार्य के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे (एफएलएस) को मंजूरी दी गई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि राजस्थान में रेल संपर्कों की कड़ी को सुदृढ़ करने के लिए क्षेत्र में रेल संपर्क के लिए विशेष पहल की जा रही है।

उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में राजस्थान के महत्वपूर्ण क्षेत्र बालोतरा से पचपदरा, 11 किलोमीटर नई लाइन के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे (एफएलएस) को मंजूरी प्रदान की गई है। फाइनल लोकेशन सर्वे के कार्य के लिए 33 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। यह रेल लाइन पचपदरा को बालोतरा, बाड़मेर और आसपास के क्षेत्रों को रेलवे नेटवर्क से जोड़ेगी। साथ ही क्षेत्र का जोधपुर और अहमदाबाद और दिल्ली-जयपुर की ओर भी सम्पर्क स्थापित होगा।

यह प्रस्तावित रेल मार्ग इन क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। इस नई रेल लाइन के निर्माण से पचपदरा स्थित रिफाइनरी तक रेल मार्ग के माध्यम से पहुंच और सुगम होगी। साथ ही रोजगार, व्यापार, कृषि और स्थानीय उद्योगों के लिए नए परिवहन का विकल्प उपलब्ध होगा।

बालोतरा से पचपदरा, 11 किलोमीटर नई लाइन के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे (एफएलएस) पूरा होने के बाद परियोजना की वित्तीय और तकनीकी व्यवहार्यता के आधार पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर स्वीकृति के लिए रेलवे बोर्ड को प्रेषित की जाएगी। रेलवे द्वारा विभिन्न क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। ताकि क्षेत्रवासियों को अधिकाधिक रेल सुविधाएं प्राप्त हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *