कोहरे में 10 वाहन आपस में भिडे, मची चीख-पुकार
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा, एक घायल
आगरा। कोहरा हादसे का सबब बनने लगा है। रविवार सुबह छाए घने कोहरे के चलते आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर कई वाहन आपस में टकरा गए। आगरा के डौकी थाना डौकी क्षेत्र में 10 गाड़ियां एक-एक कर आपस में टकरा गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। एक व्यक्ति के घायल होने की खबर है।
हादसा रविवार सुबह करीब नौ बजे हुआ। लखनऊ एक्सप्रेसवे के थाना डौकी क्षेत्र में किलोमीटर 14.200 पर एक-एक करके आपस में 10 वाहन टकरा गए। हादसे से वाहन सवारों में चीख-पुकार मच गई। हादसे से एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। सूचना पर पहुंची डौकी पुलिस और यूपीडा टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की सहायता से सडक से हटवाया। इधर किरावली क्षेत्र में न्यू दक्षिणी बाईपास पर घने कोहरे के कारण के कई वाहन भिड़ गए। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। उन्हें सीएचसी किरावली पर लाया गया, जहां से एसएन मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया।
