आगरा-फतेहबाद रोड पर बस-ऑटो भिडंत में 2 की मौत, 5 घायल

0
aagara-hathasa_26f3c053b791e5b24380853ed653a94a

बमरौली कटारा थाना क्षेत्र में हुआ भीषण हादसा

आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा काट लगाया जाम

पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझा किया शांत

आगरा। बमरौली कटारा थाना क्षेत्र में मंगलवार को ऑटो और प्राइवेट बस के बीच हुई भिडंत में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने रोड जाम कर हंगामा काटा। चालक मौके पर बस छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। वहीं दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है।

आॅटो फतेहाबाद से आगरा की ओर आ रहा था। ऑटो में सात सवारी बैठी थीं। नौमील के पास आगरा से फतेहाबाद की तरफ जा रही टूरिस्ट बस ने ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर कोहराम मच गया। हादसे में 55 वर्षीय राजू पुत्र महावीर निवासी पुरनपुरा पिनाहट और 75 वर्षीय मोनी बाबा उर्फ जगदीश चन्द्र पुत्र ब्रह्मा नन्द की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 22 वर्षीय मिथुन पुत्र विजय सिंह निवासी सकुरी बड़ा कझियरा थाना फतेहाबाद, 21 वर्षीय शिवम शर्मा पुत्र सुदीप शर्मा फतेहाबाद, 27 वर्षीय रोहित पुत्र देवेन्द्र निवासी फतेहाबाद, 36 वर्षीय रश्मि देवी पत्नी मानसिंह नगला बेहड थाना डौकी और 32 वर्षीय ऋर्षि पुत्र राजेश कुमार निवासी टिकतपुरा डौकी गंभीर रूप से घायल हो गए।

इधर हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने जाम लगाकर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम लगा रहे ग्रामीणों को किसी तरह समझा बुझाकर शांत करा जाम खुलवाया। इसके बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां शिवम की हालत गंभीर बनी हुई है। थाना प्रभारी बमरौली कटारा हरीश कुमार शर्मा ने बताया कि बस और आॅटो को कब्जे में लेकर थाना भेजा गया है। बस चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *