फरेबी भाई ने एसआईआर फॉर्म के नाम पर बहन की सम्पत्ति करा ली अपने नाम

0
07_11_2025-retired_sdm_and_wife_bail_rejected

एसआईआर फार्म न भरने पर देश निकाला का दिखाया डर

फार्म के बहाने बहन से करा ली मकान-दुकान की रजिस्ट्री

भाई के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर लगाई गुहार

फिरोजाबाद। जिले में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के नाम पर भाई ने बहन के साथ धोखाधड़ी कर दी। सगे भाई ने बहन को फॉर्म भरने का भय दिखाकर उसके मकान और दुकान का बैनामा अपने नाम करा लिया। पीड़िता ने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। साथ रजिस्ट्री निरस्त कराने के लिए अदालत पहुंची है।

गुरुग्राम में रहकर सिलाई का काम करने वाली सरताज खानम को अंदाजा नहीं था कि उसके भाई आजाद की नीयत इतनी खतरनाक हो सकती है। सरताज ने मेहनत की कमाई से रसूलपुर थाना क्षेत्र के नालबंद चैराहा स्थित एक मकान और दुकान खरीदी थी। उसके पढे-लिखे न होने का फायदा उठाकर उसके भाई ने ही उसके साथ फरेब कर दिया। आरोप है कि आरोपी भाई गुरुग्राम पहुंचा और सरताज को एसआईआरयानी मतदाता सूची पुनरीक्षण का भय दिखाया। उसने कहा कि सरकार एसआईआर फॉर्म भरने वालों की जांच कर रही है। अगर फॉर्म नहीं भरा तो देश से निकाला जा सकता है। यह सुन डरी सरताज अपने भाई के साथ फिरोजाबाद आ गई।
पीड़िता ने बताया कि भाई उसे सीधे तहसील ले गया, जहां कागज अपडेट कराने के नाम पर उससे कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए। तहसील में बस इतना पूछा गया कि क्या वह मकान और दुकान गिफ्ट कर रही है। बकौल सरताज वह गिफ्ट का मतलब नहीं समझ पाई और हस्ताक्षर कर दिए। एसआईआर फॉर्म के नाम पर मकान और दुकान की रजिस्ट्री भाई के नाम चढ़ चुकी थी।

सरताज खानम ने बताया कि मुझे कहा कि एसआईआर का फॉर्म भरना है नहीं तो देश से बाहर निकाल देंगे। मैं अनपढ़ हूं, कागज का मतलब नहीं समझ सकी। उसने धोखे से मेरा मकान-दुकान अपने नाम करा लिया। पीड़िता के विरोध करने पर भाई ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी, जिसके बाद सरताज ने एसएसपी फिरोजाबाद को भेजे शिकायती पत्र में फरेबी भाई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं महिला ने विवादित रजिस्ट्री को निरस्त कराने के लिए न्यायालय में वाद दायर किया है। सरताज खानम का कहना है कि उसने जीवनभर की कमाई से मकान और दुकान खरीदे थे, जिन्हें उसके अपने भाई ने ही फरेब से छीन लिया। अब वह न्याय की गुहार लगा रही है। फिलहाल पुलिस शिकायत की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *