घर लौटी बिटिया, स्वागत में उमडा शहर

0
cdff384b-bdd2-4ddc-9268-db3207a8f4b1

महिला क्रिकेटर दीप्ति शर्मा के स्वागत में खेलमय हुआ आगरा

ज्गह-जगह मंच बना किया गया शहर की बिटिया का स्वागत

क्रिकेट महिला विश्व कप जीत के बाद पहली बार आई दीप्ति

आगरा। पूरा शहर आज फख्र महसूस कर रहा था। सिर झुकाकर जहां बेटी के प्रति सम्मान था तो वहीं आंखों में थी गर्व की चमक। विश्व चैम्पियन बनीं दीप्ति शर्मा गुरुवार को आगरा पहुंची तो फूलों की बारिश और भारत माता के जयकारों से उनका स्वागत किया गया। करीब दस किमी के रोड शो के बाद घर पहुंची तो माता-पिता की आंखें नम थीं पर उनमें गर्व की चमक थी। दीप्ति जैसे ही अपनी गाड़ी से भावना क्लार्क इन तिराहे पर पहुंची, तो लोगों ने फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया।

महिला विश्व कप क्रिकेट विजेता भारतीय टीम में अहम भूमिका निभाने वाली क्रिकेटर दीप्ति शर्मा का गुरुवार को आगरा आगमन पर जोशीला स्वागत किया गया। विजेता टीम में अहम किरदार रहीं दीप्ति विश्व कप विजेता बनने के बाद पहली बार अपने गृह जनपद आगरा आईं। शहर में जगह- जगह मंच सजा कर उनका स्वागत-सम्मान किया गया। खुली गाडी में क्रिकेटर दीप्ति शर्मा करीब दस किलोमीटर लम्बे रोड शो के निकलीं। विभिन्न संगठनों ने उनका जगह-जगह स्वागत सम्मान किया। रोड शो उनके स्टार नेक्स्ट एकेडमी पर जाकर खत्म हुआ। दीप्ति ने जैसे ही स्वागत के बाद हाथ हिलाया, एकेडमी के बच्चे झूम उठे। बच्चों ने जमकर डांस किया। यहां उनका जोशीला सम्मान किया गया।

घर पर दीप्ति का परिजन और रिश्तेदार बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। दीप्ति के घर की दहलीज पर कदम रखते ही मां उनकी आरती उतारी। घर पर दोस्त-रिश्ते दारों ने भी दीप्ति का स्वागत किया। रोड शो के दौरान फैंस ने बुलडोजर से उन पर फूल बरसाए। तिरंगा ओढ़े क्रिकेट फैंस रोड शो के आगे नाचते-झूमते दिखे। कई समर्थक घोड़े और ऊंट पर सवार थे। स्वागत के लिए बडी संख्या में स्कूल- कॉलेज के बच्चे और महिलाएं भी मौजूद रहीं।

क्रिकेटर दीपक चाहर के पिता भी दीप्ति के सम्मान में निकले रोड शो में शामिल हुए। उन्होंने दीप्ति को गले लगाकर वल्र्ड कप जीत की बधाई दी। अपने आल राउंडर प्रदर्शन से भारत को महिला क्रिकेट वल्र्ड कप जिताने में दीप्ति की अहम भूमिका रही। दीप्ति ने अपने बल्ले का जौहर दिखाते हुए महिला विश्व कप में 215 रन बनाए और 22 विकेट झटके। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी मिला। रोड शो में इंडियन रेलवे की हेड कोच हेमलता कला, पिछले विश्व कप में खेली भारतीय क्रिकेटर पूनम यादव भी दीप्ति शर्मा भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा अब कई सारी दीप्तियां आगरा से ही नहीं देश से निकलेंगी।

फिर जीतेंगे वल्र्ड कपः दीप्ति

दीप्ति शर्मा ने वल्र्ड कप जीत पर कहा, हमने जहां खत्म किया है, वहीं से फिर शुरू करेंगे। हम दोबारा वल्र्ड कप जीतेंगे। मुझे आगरावासियों का भरपूर प्यार मिला है। महिला क्रिकेट वल्र्ड कप जीतने का आनंद सबसे ज्यादा महिलाएं ले रही है। रोड शो में जगह-जगह महिलाएं डांस करती हुई दिखीं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *