एसआईआरः बीएलओ का घर-घर दस्तक देना शुरू
आगरा। जनपद में विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया आरंभ हो गई है। इस प्रक्रिया के तहत, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाता सूची का सर्वे कर रहे हैं। इसके तहत मृत मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे और 1 जनवरी 2025 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम जोड़े जाएंगे।
खंदारी, आजाद नगर, बापू नगर, शास्त्रीनगर में बीएलओ घर-घर दस्तक देकर मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्य में जुट गए हैं। घरों में फार्म बांटे गए। इधर एत्मादपुर विधानसभा की भाग संख्या 155 नारायच सुदामापुरी में भी मंगलवार को बीएलओ मंजू अग्रवाल ने क्षेत्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य शुरू किया। जबकि भाग संख्या 304 की बीएलओ कमलेश कुमारी ने गांव धौर्रा में घर-घर पहुंचकर मतदाता पुनरीक्षण फार्म कार्य शुरू कर दिया है। इसके तहत जिनके नाम वर्ष-2003 की मतदाता सूची में नहीं हैं, उन्हें नई सूची में अपना नाम कटने से बचाने के लिए पहचान के तीन दस्तावेज पेश करने पड़ेंगे। वहीं जिन लोगों के पिता का नाम इस मतदाता सूची में है, उन्हें पिता से संबंध का प्रमाण पेश करने के साथ पहचान का एक दस्तावेज देना अनिवार्य होगा।
यह कवायद मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) का हिस्सा है। दरअसल बिहार के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश में भी मतादाता सूची के गहन पुनरीक्षण कराया जा रहा है। इसे एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) नाम दिया गया है। यह कवायद यहां 22 साल बाद होने जा रही है। इससे पहले वर्ष 2003 में विशेष गहन पुनरीक्षण हुआ था।
