लोकतंत्र नहीं, लूटतंत्र में भरोसा करती है भाजपाः अखिलेश

0
70f432a98e94a8c28f388b98ade9087f17626790757781278_original

बिहार के समस्तीपुर में वीवीपैट पर्चियां कूड़े में मिलने पर भड़के अखिलेश यादव

लोकतांत्रिक प्रक्रिया की शुचिता पर लग रहा दाग, भ्रष्ट अधिकारियों पर हो कार्रवाई

लखनऊ। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच समस्तीपुर जिले में हजारों वीवीपैट पर्चियां कूड़े में मिलने से हड़कंप मच गया है। इस घटना पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहाकि भाजपा और उसके साथी लोकतंत्र में नहीं, बल्कि लूटतंत्र में विश्वास करते हैं।

अखिलेश यादव ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा सच्चे स्वच्छ भारत के लिए भाजपा राज में चुनाव आयोग के कुछ लोगों द्वारा फैलाया गया धांधलियों का कूड़ा हटना भी जरूरी है। भाजपा और उसके संगी- साथी लोकतंत्र में नहीं, लूटतंत्र में विश्वास करते हैं।

उन्होंने कहाकि भाजपा का इतिहास ही पिछले दरवाजे वाली राजनीति का रहा है। अखिलेश ने कहाकि ये लोग आजादी से पहले से ही मुखबरी और खुफियाखोरी का काम करते आए हैं, लेकिन अब इनकी सेंधमारी खुल चुकी है और जनता अब घपलों-घोटालों को बर्दाश्त करने वाली नहीं रही। पिछले दरवाजे वाले अब जनता की दस्तक सुनें।

सपा मुखिया ने इस पूरे प्रकरण पर चुनाव आयोग की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहाकि चुनाव आयोग में ईमानदार अधिकारियों की उपेक्षा हो रही है और कुछ लोगों की मिलीभगत से लोकतांत्रिक प्रक्रिया की शुचिता पर दाग लग रहा है। अखिलेश ने कहाकि ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। ताकि लोकतंत्र की साख बची रहे। अखिलेश यादव ने कहाकि दीमक की तरह लोकतंत्र को अंदर से खोखला करने वालों के दिन अब लद गए हैं। नई पीढ़ी अब नए भविष्य का निर्माण करेगी।

गौरतलब है कि समस्तीपुर जिले के सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र के शीतलपट्टी गांव के पास कूड़े के ढेर में हजारों वीवीपैट पर्चियां मिलीं। बताया गया कि इस सीट पर 6 नवंबर को मतदान हुआ था और 8 नवंबर को ग्रामीणों ने कूड़े में ये पर्चियां देखीं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद सियासत गरमा गई। सूचना पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और सभी पर्चियों को जब्त कर लिया। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *