डाॅक्टर ने पुलिस पर लगाए फेक एनकाउंटर के आरोप
राकेश टिकैत के दामाद हैं डाॅ. दीपक पंवार
कहा, 20 गोली मारकर लाते, एक लिखवाते
पुलिस के कालके चिट्टे खोलने का एलान
शामली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शामली के प्रभारी डॉ. दीपक पंवार ने उत्तर प्रदेश पुलिस पर फेक एनकाउंटर के आरोप लगाये हैं। उन्होंने कहाकि पुलिस अपने आप मुलजिम को 20 गोली मारकर लाती है। सीओ, एसपी खुद खड़े होकर जबरदस्ती एक गोली लिखवाते हैं। उन्होंने पुलिस को चुनौती देते हुए कहाकि इनके पर्चे खोलेंगे। हम इनके चिट्ठे खोलेंगे। मानवाधिकार से इसकी जांच कराएं। कितनी गोली मारकर लाते हैं, कितनी लिखवाते हैं।
उन्होंने कहाकि जेबकतरे को गोली मार देंगे और जो असली हत्यारा है उसे छोड़ देंगे। कानून के रक्षक ये ही हैं क्या? ये सबसे बड़े डकैत हैं। छह लाख वाले को बिरयानी खिलाते हैं और छोड़ देते हैं। डॉक्टर के बयान से पुलिस में हड़कंप मच गया। किसी तरह डॉक्टर को समझाकर शांत किया। आपको बता दें कि शामली सीएचसी के प्रभारी डॉक्टर दीपक पंवार भाकियू नेता राकेश टिकट के दामाद हैं।
दरअसल, सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. दीपक कुमार 10 दिन पूर्व 19 अक्टूबर की शाम को दीपावली पर परिवार समेत अपने गांव टांडा माजरा गए थे। दो दिन बाद 21 अक्टूबर की सुबह पहुंचे तो कैंप कार्यालय में रखी अलमारी टूटी हुई मिली थी और लॉकर में रखे साढ़े पांच लाख रुपये गायब मिले। इस मामले का खुलासा न होने पर स्वास्थ्य कर्मियों ने बीते बुधवार को पुलिस के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया था। शहर कोतवाली में हंगामे के दौरान डॉ. दीपक इतने आक्रोशित हो गए कि उन्होंने पुलिस मुठभेड़ों पर गंभीर आरोप लगा दिए। डॉक्टर के इस आरोप के बाद यूपी पुलिस के एनकाउंटर पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, विपक्षी नेताओं की तरफ से पहले भी कई बार यूपी पुलिस पर फर्जी एनकाउंटर का आरोप गया है।
