महालक्ष्मी के दर्शन को उमड़ा भक्तों का सैलाब
बेलवन महालक्ष्मी मंदिर में श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना
मथुरा। दिवाली के उपलक्ष्य में मांट के निकट बेलवन स्थित महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने दर्शन कर सुख समृद्धि की कामना की।
सोमवार को दिवाली के दिन बेलवन स्थित महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जहां धन और समृद्धि की देवी से आशीर्वाद पाने के लिए भक्तों की सुबह से ही कतार लग गई। मंदिर सेवायत राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि दिवाली के दिन दूरदराज से भारी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन करने के लिए आते हैं और कमल का फूल चढ़ाकर मनौती मांगते है। दीपावली पर मां लक्ष्मी की पूजा के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगना एक सामान्य दृश्य है। लोग धन और समृद्धि की देवी से आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना करते हैं। यह पूजा धार्मिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक महत्व रखती है।
बेलवन में आज भी तपस्या कर रही है महालक्ष्मी
मान्यता है कि बांसुरी की धुन पर श्रीकृष्ण के साथ महारास में सम्मिलित होने के लिए महालक्ष्मी आज भी यमुना किनारे बेलवन में तपस्या कर रही हैं। यहां पौष माह के प्रत्येक बृहस्पतिवार को मेले का आयोजन किया जाता है।
