आगरा रेल मंडल में दस हजार महिलाओं को दिया गया स्वास्थ्य लाभ
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत आगरा मंडल में लगाए गए स्वास्थ्य जांच शिविर
जाॅय हैरिस इंटर काॅलेज में रेलवे चिकित्सकों ने छात्राओं को ओरल हेल्थ के बारे में किया जागरुक
आगरा। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत आगरा रेल मंडल द्वारा 17 सितम्बर से विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जाॅय हैरिस गल्र्स इंटर काॅलेज में रेलवे द्वारा विशेष जागरूकता और व्यवहार परिवर्तन व्याख्यान का आयोजन किया गया। पिछले एक सप्ताह में आगरा रेल मंडल में स्वास्थ्य शिविरों के जरिए दस हजार से ज्यादा महिलाओं को स्वास्थ्य लाभ दिया गया।

मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर प्रसाद के निर्देशन में जाॅय हैरिस इंटर काॅलेज में आयोजित किए गए व्याख्यान में वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवंतिका और दंत चिकित्सक डॉ. सपना ने जागरूकता, व्यवहार परिवर्तन और ओरल हेल्थ के बारे में छात्राओं को जानकारी दी। इस दौरान 175 छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं को दंत स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में बताया गया। इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाचार्य, अध्यापकगण और रेलवे की नर्सिंग अधिकारी भी उपस्थित रहीं।

स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान में पिछले एक सप्ताह में मंडल के 10 हजार से अधिक कर्मचारी और उनके परिवार को लाभ पहुंचाने और जागरूक करने का प्रयास किया गया है। इस अभियान में सहायक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शोभा दयाल, वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव चुग, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक गार्गी उमराव, मंडल परिचालन प्रबंधक आगरा कु. प्रशस्ति श्रीवास्तव, डॉ. सपना का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

इससे पहले रेलवे मंडलीय रेलवे चिकित्सालय और मैट्रो हॉस्पिटल फरीदाबाद के सहयोग से रेलवे ऑफिसर्स क्लब में लगाए गए स्वास्थ शिविर डॉ. देवयानी सुरंगी द्वारा महिला कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए महिलाओं को संपूर्ण स्वास्थ्य, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, जीवनशैली और अनेमिया जैसी बीमारियों के बारे में जानकारी दी। इस शिविर में ऑन्कोलॉजी के 19, स्त्री रोग 20, हृदय रोग 71, ऑर्थो के 62 सहित 172 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया था। रेलवे द्वारा 17 से 26 सितम्बर तक लगातार महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरुक करने के लिए आगरा रेल मंडल में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह क्रम 2 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
