भारत ने कोरिया को महिला एशिया कप के सुपर-चार में में 4-2 से दी शिकस्त

0
g0esmkacaeapeh_1757508088

भारत की वैष्णवी, संगीता, लालरेम्सियामी और रुतुजा ने किए गोल

हांगझोउ। भारतीय महिला हाॅकी टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बुधवार को एशिया कप के सुपर चार चरण के अपने पहले मैच में कोरिया को 4-2 से शिकस्त दी। विमेंस हॉकी एशिया कप चीन के हांगझोउ शहर में खेला जा रहा है।
भारत की ओर से वैष्णवी विट्ठल, संगीता कुमारी, लालरेम्सियामी और रुतुजा पिसल ने एक-एक गोल दागे। वहीं कोरिया से किम यूजिन ने दोनों गोल किए। भारत का अगला मुकाबला चीन के खिलाफ वृहस्पतिवार को शाम 4ः30 बजे से खेला जाएगा।

पहले क्वार्टर के पहले ही मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला। यहां उदिता ने दाई ओर लो शॉट लिया, जिसे गोलकीपर ने रोक तो लिया, लेकिन गेंद, पोस्ट पर खड़ी वैष्णवी के पास गई। वैष्णवी ने तुरंत गेंद को गोल में डाल दिया। पहले और दूसरे क्वार्टर को मिलकर भारत को कुल 6 पेनल्टी कॉर्नर मिले। इसमें टीम एक ही गोल कर सकी। बीच-बीच में कोरियाई टीम ने भी अटैक किया, लेकिन हाफ टाइम तक टीम का कोई भी प्लेयर गोल नहीं कर पाया। तीसरे क्वार्टर के शुरुआत से ही भारत ने अटैक किया। मैच के 32वें मिनट में संगीता कुमारी ने बढ़त दोगुनी कर दी। सलिमा ने मिडफील्ड में गेंद डाली, जो डिफ्लेक्ट होकर रुतुजा के पास पहुंची। रुतुजा ने शानदार पास दिया और सामने खड़ी संगीता ने आसानी से गेंद को गोल में डाल दिया। संगीता के गोल करने के बाद कोरिया ने तुरंत वापसी की। 33वें मिनट में किम यूजिन ने पेनल्टी कॉर्नर पर तेज लो शॉट मारा जो भारतीय रशर सुनलीता को पार करता हुआ सीधे गोल में चला गया। स्कोर 2-1 हो गया। मैच के 39वें मिनट में भारत ने दोबारा दो गोल की बढ़त बना ली। यहां भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसमें टीम गोल नहीं कर सकी। इसके बाद ही भारत को लॉन्ग कॉर्नर मिला। उदिता ने सर्कल में शानदार पास दिया, जहां सियामी ने डिफेंडर को रोकते हुए पीछे मुड़कर शॉट लगाया। कोरियाई गोलकीपर गेंद को साफ से नहीं देख पाई और गेंद उनके नीचे से निकलकर गोल में चली गई। मैच के 53वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर साउथ कोरिया की किम यूजिन ने दूसरा गोल करके रोमांच ला दिया। यहां भारत की बढ़त सिर्फ एक गोल की रह गई। स्कोर 3-2 रह गया।

चैथे क्वार्टर में किम यूजिन के दूसरे गोल के बाद कोरियाई टीम ने भारत पर अटैक किया। 59वें मिनट में रुतुजा पिसल ने शानदार फील्ड गोल किया। यहां पेनल्टी कॉर्नर में उदिता ने पहले शॉट लिया, जिसे गोलकीपर ने रोक तो लिया, लेकिन गेंद रुतुजा के पास चली गई। उन्होंने आगे डाइव लगाकर गेंद को गोल में डाल दिया। भारत ने पूल स्टेज में तीन मैच खेले थे। टीम ने थाईलैंड को 11-0 से हराया, जापान से 2-2 ड्रॉ किया और सिंगापुर को 12-0 से मात देकर टॉप पर रहते हुए सुपर-4 में जगह बनाई। भारत के लिए नवनीत कौर और मुमताज खान शानदार फॉर्म में हैं। दोनों ने पूल स्टेज में 5-5 गोल किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *