रेल मंत्री कर रहे व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी, प्रयागराज, आगरा और झांसी मंडलों में विशेष ट्रेनें चलाने और भीड़ नियंत्रण के लिए बढ़ाई गई तैयारियां

0
AEB74034-CB05-422A-9CBB-C3B5FDF4FFDF

त्योहार के बाद बिहार से लौटने वाले यात्रियों की भीड़ संभालने में जुटा रेलवे, कई मंडलों में वॉर रूम सक्रिय

नई दिल्ली/प्रयागराज/आगरा। त्योहार समाप्त होने के बाद बिहार से अपने कार्यस्थलों और अन्य शहरों की ओर लौट रहे यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर विभिन्न रेलवे जोनों में विशेष ट्रेनों के संचालन के साथ व्यापक भीड़ प्रबंधन योजना लागू की गई है। रेल मंत्री स्वयं यात्रियों की आवाजाही और परिचालन व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

रेल मंत्री ने बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, राजेंद्र नगर, दरभंगा और दानापुर सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर पहुंचकर भीड़ प्रबंधन, यात्री सुविधाओं और परिचालन तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

आगरा, प्रयागराज और झांसी मंडलों में वॉर रूम सक्रिय

वापसी की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के साथ प्रयागराज, आगरा और झांसी मंडलों में विशेष वॉर रूम सक्रिय किए गए हैं। यहां अधिकारी लगातार यात्रियों की संख्या, ट्रेनों की आवाजाही और स्टेशनों पर भीड़ की स्थिति पर नजर रख रहे हैं। यात्रियों की मांग के अनुसार विशेष अनारक्षित और आरक्षित ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था भी की जा रही है।

स्टेशनों पर प्लेटफार्मों में प्रवेश को नियंत्रित करने, ट्रेनों की समयबद्धता बनाए रखने और यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ट्रेन में चढ़ाने के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं।

होल्डिंग एरिया में बैठने, पानी और अन्य सुविधाएं

भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर प्लेटफार्मों पर अनावश्यक भीड़ रोकने के लिए बड़े होल्डिंग एरिया तैयार किए गए हैं। इनमें यात्रियों के बैठने, पेयजल, स्वच्छता, उद्घोषणा प्रणाली और ट्रेनों की जानकारी देने के लिए स्पष्ट संकेतक लगाए गए हैं।

वहीं, गुजरात के उधना रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की भारी संख्या को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिससे यात्रियों का आवागमन व्यवस्थित रहे और ट्रेन में चढ़ते-उतरते समय किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

सुरक्षा के लिए आरपीएफ और जीआरपी की अतिरिक्त तैनाती

स्टेशनों पर फुट ओवरब्रिज, प्रवेश और निकास द्वार सहित प्रमुख स्थानों पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), वाणिज्यिक कर्मचारियों और चिकित्सा टीमों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों की सहायता पर जोर दिया जा रहा है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें, रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का सहयोग करें और प्लेटफार्मों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। रेलवे का उद्देश्य त्योहार के बाद बढ़ी यात्री संख्या के बीच सभी यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अन्य खबरे