ताज महोत्सव आगे नई ऊंचाईयों पर कराया जायेगाः जयवीर

संस्कृति के महाकुंभ ताज महोत्सव के सांस्कृतिक मंच का पर्यटन मंत्री ने किया समापन
ताज महोत्सव में शिल्पी स्टॉल, हस्तकला, पॉटरी, हैण्डलूम स्टाल दो मार्च तक सजे रहेंगे
शिल्पियों, कलाकारों, संस्थाओं को किया सम्मानित, किले पर शुरू होगा लाइट एंड साउंड शो
आगरा। मेरी पूरी कोशिश है कि पर्यटक रात को आगरा में रुकें। इसके लिए योजना बनाई जा रही है। आगरा किले में जल्द ही लाइट एण्ड साउण्ड शो शुरू होने जा रहा है। ताज महोत्सव को आगे नई ऊंचाईयों पर कराया जायेगा। उक्त विचार प्रदेश के संस्कृति और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने ताज महोत्सव के समापन पर व्यक्त किए।
पर्यटन मंत्री ने कहाकि आगरा के प्रभारी मंत्री के रूप में उनका प्रयास पर्यटन, संस्कृति और विकास में आगरा को नई ऊंचाईयों पर पहुंचाना है। उन्होंने ताज महोत्सव के आयोजन में सहभागी रहीं, विभिन्न संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, प्रशासनिक अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहाकि महाकुम्भ में सभी ने जाति धर्म, सम्प्रदाय और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर समरस्ता के वातावरण में एक ही घाट पर आस्था की डुबकी लगाई। केन्द्र में मोदी और राज्य में योगी के नेतृत्व में महाकुम्भ का सफल आयोजन कर पूरे विश्व में भारत का गौरव बढाया है। कुम्भ के आयोजन पर विश्व स्तर की एजेंसियां शोध कर रही हैं। सनातन संस्कृति नई ऊंचाई और परम वैभव पर पहुंची हैं। भारत अपने पुराने स्वरूप को प्राप्त कर विश्व गुरू बनेगा। महाकुम्भ ने भारतीय संस्कृति को विश्व में पहुंचाया है। उन्होंने कहाकि आगरा शिवजी के शक्ति प्रदर्शन की धरती है। आगरा के पर्यटन विकास पर लगातार कार्य हो रहा है। मण्डलायुक्त पर्यटन मंत्री का ओडीओपी उत्पाद देकर स्वागत किया। वहीं जिलाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों का मोमेन्टो देकर स्वागत किया।
बटेश्वर में लगेगी अटलजी की 65 फीट ऊंची प्रतिमा
जयवीर सिंह ने कहाकि पर्यटन व संस्कृति विभाग भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म स्थान बटेश्वर में विश्व की सबसे ऊंची 65 फीट की अटल की प्रतिमा जल्द लगाने जा रहा है। आगरा के लिए 85 करोड़ की परियोजनाओं को भारत सरकार की स्वीकृति मिल चुकी है। बटेश्वर, सौरीपुर, अटल के जन्म स्थल के विकास के लिए 200 करोड़ से ज्यादा का कार्य कराया जा चुका है। आगरा किले में जल्द ही लाइट एण्ड साउण्ड शो प्रारम्भ होने जा रहा है। मंत्री ने आस्वश्त करते हुए कहाकि मेरी पूर्ण कोशिश है कि आगरा में पर्यटक रात्रि विश्राम करें। इसके लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है।
लखनऊ की चिकेन और मथुरा की साडियां खूब बिकीं
ताज महोत्सव में देश के कोने-कोने से आए शिल्पियों द्वारा अपने-अपने शिल्प का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया। शहरवासियों के साथ-साथ ताजमहल भ्रमण पर आने वाले देसी-विदेशी पर्यटक भी आकर्षक हस्तशिल्प का अवलोकन और क्रय किया। मेला परिसर में कुल 409 स्टॉल लगवाये गये। इनमें शिल्पी 135, ओपन स्टाल 54, फूड स्टाल 18, फास्ट फूड 12 और शेष स्टॉल अन्य वर्ग व्यंजन, कॉमर्शियल, स्पॉन्सर आदि को आवंटित किये गए। इस वर्ष के महोत्सव में सर्वाधिक बिक्री के लिए लखनऊ के अजय अग्रवाल को लखनऊ चिकेन और मथुरा के अखिलेश अग्रवाल मथुरा साड़ी को 10-10 लाख रूपये की सर्वाधिक बिक्री पर सम्मानित किया गया। ताज महोत्सव में दुकानदारों द्वारा लगभग दो करोड़ 45 लाख 78 हजार की बिक्री की गई।
ये रहे मौजूद
ताज महोत्सव के समापन संस्कृति और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डाॅ. बबीता चैहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. मंजू भदौरिया, विधायक श्रीमती रानी पक्षालिका सिंह, विधायक छोटेलाल वर्मा, एमएलसी विजय शिवहरे, भाजपा महानगर अध्यक्ष भानू महाजन, मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी आदि मौजूद रहे।
शिल्पियों के स्टाॅल 2 मार्च तक लगे रहेंगे
33वें ताज महोत्सव 2025, संस्कृति के महाकुंभ के सांस्कृतिक मंच का समापन की औपचारिक घोषणा भले ही की गई, लेकिन शिल्पी स्टॉल, हस्तकला, पॉटरी, हैण्डलूम आदि का बाजार ताज महोत्सव में 2 मार्च तक लगा रहेगा। ताकि शहरवासी खरीददारी कर सकें।