मुंबई के कारोबारी ने आखिर क्यों रची अपहरण की झूठी कहानी
कारोबारी के झूठ का पुलिस ने किया पर्दाफाश
हकीकत जानकर आगरा पुलिस भी हुई हैरान
आगरा। भीषण सर्दी के मौसम में पुलिस कमिश्नरेट आगरा के उस समय पसीने छूट गए जब मुंबई के एक कारोबारी के अपहरण की सूचना मिली। तत्काल हरकत में आई पुलिस मामले में जांच में जुट गई। पुलिस जांच में हकीकत जानकर अधिकारी भी हैरत में पड गए।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के रामबाग चैराहे से बुधवार दोपहर को कार सवार बदमाशों ने मुंबई के साड़ी कारोबारी 66 वर्षीय सतीश अग्रवाल का अपहरण कर लिया। कार सवार उन्हें बेहोश करने के बाद हाथरस ले गए। अज्ञात स्थान पर खेतों में बंधक बनाकर रखा और पिटाई लगाई। परिजनों को फोन करके 1.20 लाख रुपये लेने के बाद छोड़ा।
कारोबारी राहगीरों की मदद से परिचित कारोबारियों के पास पहुंचा। मामला तब खुलकर सामने आया जब पुलिस ने कारोबारी को कार में बैठाकर ले जाने वाले दो युवकों को पकड़ लिया। उन्होंने ने पूछताछ में बताया कि कारोबारी से उनका सम्पर्क फेसबुक के माध्यम से हुआ था। जब वह आगरा आया तो फोन कर मिलने के लिए कहा। जब वो गाड़ी लेकर पहुंचे तो खुद ही साथ चल दिया। इस दौरान वीडियो बनाने पर विवाद हुआ था। परिचित के खाते में ही रकम जमा कराई थी। होटल आने के बाद कारोबारी ने अपहरण की कहानी बनाई।
