एस.एन. मेडिकल कॉलेज में जटिल ब्रोंकोस्कोपी से बचाई 5 वर्षीय बच्चे की जान
सांस की नली में फंसी बाहरी वस्तु को चिकित्सकों ने सफलतापूर्वक निकाला, सामान्य एक्स-रे के बावजूद समय रहते पहचानी गंभीर समस्या
आगरा। सरोजिनी नायडू (एस.एन.) मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग के चिकित्सकों ने चिकित्सकीय सूझबूझ और कुशलता का परिचय देते हुए पांच वर्षीय बच्चे की जान बचाने में सफलता हासिल की। बच्चे की दाहिनी मुख्य श्वासनली (राइट मेन ब्रोंकस) में फंसी बाहरी वस्तु को जटिल ब्रोंकोस्कोपी प्रक्रिया के जरिए सफलतापूर्वक बाहर निकाला गया। ऑपरेशन के बाद बच्चा स्वस्थ है और सामान्य रूप से सांस ले रहा है।
जानकारी के अनुसार, बच्चे को लगातार खांसी और सांस लेने में काफी परेशानी होने पर एस.एन. मेडिकल कॉलेज लाया गया था। प्रारंभिक जांच में बच्चे का एक्स-रे सामान्य आया। इसके बावजूद चिकित्सक डॉ. रोहिणी ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए आशंका जताई कि बच्चे की श्वासनली में कोई बाहरी वस्तु फंसी हो सकती है, क्योंकि कई बार ऐसी वस्तुएं सामान्य एक्स-रे में दिखाई नहीं देतीं।
बच्चे की स्थिति को देखते हुए तत्काल ब्रोंकोस्कोपी करने का निर्णय लिया गया। डॉ. रोहिणी ने सावधानीपूर्वक जटिल प्रक्रिया को अंजाम देते हुए दाहिनी मुख्य श्वासनली में फंसी बाहरी वस्तु को सफलतापूर्वक निकाल दिया। इस दौरान ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. रितु गुप्ता एवं डॉ. अखिल प्रताप का मार्गदर्शन और सहयोग रहा।
चिकित्सकों की टीम को प्राचार्य ने दी बधाई
एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने ईएनटी विभाग की टीम को बधाई देते हुए कहा कि चिकित्सकों ने सूझबूझ और त्वरित निर्णय लेकर एक मासूम बच्चे की जान बचाई है। संस्थान का निरंतर प्रयास है कि आगरा सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए।
इस सफल उपचार से एस.एन. मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों की विशेषज्ञता और गंभीर मामलों में त्वरित उपचार की क्षमता सामने आई है।

