रामनवमी पर रामलला का हुआ सूर्य तिलक

0

अभिजीत मुहूर्त में ललाट पर 4 मिनट पड़ी किरणें

अयोध्या में पांच लाख से ज्यादा श्रद्धालु हैं मौजूद

अयोध्या। रामनवमी पर अयोध्या में रामलला का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। जन्म के बाद उनका अभिषेक किया गया। दोपहर करीब 12 बजे अभिजीत मुहूर्त में रामलला का सूर्य अभिषेक हुआ। करीब 4 मिनट रामलला के मस्तक पर सूर्य किरणें पड़ीं। इस दिव्य नजारे को देखकर श्रद्धालु झूम उठे।


रविवार को राम नवमी पर अयोध्या के राम मंदिर में दिव्य नजारा देखने को मिला। राम नवमी के पावन अवसर पर राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला को सूर्य तिलक किया गया। इस दौरान अयोध्या में एक दिव्य क्षण देखने को मिला, जब सूर्य की किरणों ने भगवान राम के माथे को रोशन किया। भगवान राम का सूर्य तिलक ठीक दोपहर 12 बजे हुआ। दोपहर 12 बजे सूर्य की किरणें रामलला की मूर्ति के माथे पर पड़ीं और एक दिव्य तिलक बना। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता को राम नवमी की बधाई देते हुए कहाकि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम जीवन में मर्यादित आचरण और हर परिस्थिति में धैर्यवान होकर चुनौतियों से जूझने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।

मर्यादा, न्याय और धर्म की विजय का पर्व है राम नवमी

भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में समूचे भारतवर्ष में प्रतिवर्ष चैत्र मास की शुक्ल पक्ष नवमी को अपार श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दिन श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या में उत्सवों का विशेष आयोजन होता है, जिनमें भाग लेने के लिए देशभर से हजारों भक्तगण अयोध्या पहुंचते हैं। अयोध्या स्थित सरयू नदी में पवित्र स्नान कर पंचकोसी की परिक्रमा करते हैं। समूची अयोध्या नगरी इस दिन पूरी तरह राममय नजर आती है और हर तरफ भजन-कीर्तनों तथा अखण्ड रामायण के पाठ की गूंज सुनाई पड़ती है। देशभर में अन्य स्थानों पर भी जगह-जगह इस दिन श्रद्धापूर्वक हवन, व्रत, उपवास, यज्ञ, दान-पुण्य आदि विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *