1.13 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी में फर्म संचालक गिरफ्तार, जेल भेजा
Screenshot
जल निगम के ठेके में करोड़ों की हेराफेरी का आरोप, 2.18 करोड़ के माल की आपूर्ति में गड़बड़ी का मामला
आगरा। हरिपर्वत थाना पुलिस ने 1.13 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक फर्म संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर माल की आपूर्ति में गड़बड़ी करने और फर्जी बिल थमाने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, संजय प्लेस निवासी सरकारी ठेकेदार महेश उपाध्याय ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह जल निगम के लिए कार्य करते हैं। दिसंबर 2023 में उन्हें महोबा जिले की चरखारी नगर पंचायत में कार्य कराने के लिए जल निगम से ठेका मिला था। इस कार्य के सिलसिले में परिचित के माध्यम से उनकी मुलाकात ऋषभ गुप्ता से हुई थी।
आरोप है कि ऋषभ गुप्ता ने 2.18 करोड़ रुपये के माल की आपूर्ति का ठेका लिया था। इसके बदले उसने 1.78 करोड़ रुपये प्राप्त कर लिए, लेकिन केवल 65 लाख रुपये के माल की ही आपूर्ति की। शेष माल की आपूर्ति के लिए जब दबाव बनाया गया तो आरोपी ने फर्जी बिल थमा दिए और माल की आपूर्ति नहीं की।
मामले में 21 अगस्त को थाना हरिपर्वत में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी ऋषभ गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।
